
उरई। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक साफ-सुथरी तथा अच्छी सरकार के चयन में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए सभी को जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके है वह अपना नाम मतदाता सूची में फार्म-6 भरकर जुड़वा लें।
उक्त बात जिलाधिकारी डा मन्नान अख्तर ने आज मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर सनातन धर्म इण्टर कालेज उरई में कार्यक्रम में उपस्थित नागरिको को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को 18 वर्ष पूर्ण करने पर मताधिकार करने का अधिकार दिया गया है। किन्तु वह मताधिकार तभी कर सकता है जब उसका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो और उसे भारत सरकार निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पहचान पत्र जारी किया गया हो। इसलिए सभी युवक-युवतियां जिनकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है वह अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा कर अपनी पसन्द के प्रत्याशी को चुन सकते है। यह हक आपका है इसे कोई नहीं छीन सकता। पुरूषों की अपेक्षा महिला मत कम है इसे भी प्रयास करके बढ़ाना होगा। जिससे दोनो में समानुपातता बनी रहे। क्योंकि सरकार ने भी महिलाओं को हर क्षेत्र में बराबरी का दर्जा दिया है। महिलायें भी प्रत्येक क्षेत्र में नाम रोशन कर रही है। इस मौके पर टाऊन हाल मैदान से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई जो सनातनधर्म इण्टर कालेज पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुई। यही सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता शपथ दिलायी गई। कार्यक्रम में विद्यालयों में मतदान जागरूकता पैदा करने विषयक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी उरई अक्षय त्रिपाठी, तहसीलदार उरई बजेश कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय इण्टर कालेज उरई मुन्नीलाल वर्मा, डा. अलका नायक, सहा. जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।







Leave a comment