उरई। गुरुवार की शाम आटा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। लूपलाइन पर जाते समय मालगाड़ी का एक पहिया पटरी से उतर जाने के चलते रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये। खुशकिस्मती यह रही कि हादसे में कोई हताहत नही हुआ।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम एक मालगाड़ी झांसी से कानपुर की ओर गिटटी लेकर जा रही थी। आटा स्टेशन पर जब मालगाड़ी पहुंची और उसे लूप लाइन पर खड़ा किया जा रहा था तभी एक बोगी का पहिया पटरी से उतर गया जिससे जोरदार आवाज हुई और पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
इस दौरान पटरी में सपोर्ट के लिए लगी क्लिप भी उखड़ गई। गनीमत यह रही कि मालगाड़ी रफ्तार में नही थी नही तो उसके डिब्बे भी पलट सकते थे। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर हादसे का कारण पता लगाने के लिए पहुंचे।
मालगाड़ी के लूपलाइन पर डिरेल होने के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित जरूर रहा लेकिन फिर यातायात चालू कर दिया गया। आटा रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि घटना में कोई क्षति नही हुई है फिर भी जांच कराई जायेगी।

Leave a comment