उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के अमखेड़ा में गांव के मंदिर से पिछले दिनों चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियां बरामद करने के उपलक्ष्य में रविवार को पुलिस का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अमरेंद्र प्रसाद सिंह सहित 35 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्राम प्रधान रामशरण दुहोलिया ने सम्मानित करके कार्रवाई के लिए उनका आभार जताया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जब मंदिर में कीमती अष्टधातु की मूर्तियां थी तो मंदिर के पट जल्द बंद नही होने चाहिए थे। मंदिर में देर रात आरती और धार्मिक आयोजनों का प्रावधान किया जाना चाहिए था और मंदिर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाये जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद चोरी होने पर उनके अधिकारियों ने बहुत परिश्रम और लगन से खुलासे के लिए कार्य किया। राम, लक्ष्मण और सीताजी की तीनों चोरी हुई मूर्तियां बरामद कर लीं और आठ लोग गिरफ्तार कर लिए। इससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
सम्मानित होने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा, जालौन कोतवाली के प्रभारी विनोद मिश्रा, तत्कालीन एसओजी प्रभारी लाखन सिंह मुख्य हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी, रामजी द्विवेदी, राकेश तिवारी, नत्थू सिंह, सर्वेश उपाध्याय, मंदिर के पुजारी जयचंद्र, जगमोहन वर्मा, राजबहादुर, जगन्नाथ, रविंद्र प्रजापति, संतोष कठेरिया, अरुण कुमार वर्मा आदि मौजदू रहे।







Leave a comment