उरई। नव विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हालांकि मायके वालों ने इस मामले में थाने में कोई शिकायती पत्र अभी तक नही दिया है।

बांदा जिले के सिंधन गांव की निवासिनी सरिता (19वर्ष) का विवाह एक वर्ष पूर्व जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़ी निवासी इंद्रपाल पुत्र वृंदावन से हुआ था। चार दिन पहले ही वह मायके से भेड़ी लौटी थी। ससुरालीजनों के मुताबिक शनिवार को घर के सारे लोग खेतों पर चले गये थे और सरिता अकेली घर में थी। शाम को जब सभी लोग वापस लौटे तो उन्होंने सरिता को अचेत पाया। आनन-फानन उसे हमीरपुर ले जाया गया। जहां डाक्टरों द्वारा स्थिति जटिल बताये जाने पर वे लोग उसे कानपुर ले गये लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

ससुराल वालों ने मायके फोन कर इसकी सूचना सरिता के पिता को दी। जिसके बाद उन्होंने कदौरा थानाध्यक्ष को फोन किया। कदौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया है कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है अभी तक मायके वालों ने कोई तहरीर नही दी है। पुलिस उनकी शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करेगी।

 

Leave a comment