कोंच। कल 6 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं के लिये परीक्षार्थियों ने कोंच तथा ग्रामीण क्षेत्रों जहां परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, डेरा डाल दिया है। सोमवार को झुंड के झुंड परीक्षार्थी इन परीक्षा केन्द्रों पर अपना सीटिंग प्लान तलाशने में जुटे हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षायें कल मंगलवार से प्रारंभ हो रहीं हैं। परीक्षा सुचारु रूप से और नकल विहीन संपन्न कराने के लिये प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अबकी दफा आश्चर्यजनक रूप से कोंच कस्बे में मात्र तीन सेंटर एसआरपी इंटर कॉलेज, एसटीके बालिका इंटर कॉलेज तथा कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज बनाये गये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सिमिरिया इंटर कॉलेज, परमहंस इंटर कॉलेज देवगांव जनता इंटर कॉलेज अकनीबा, श्रीराम इंटर कॉलेज पहाडग़ांव, जिला परिषद् इंटर कॉलेज नदीगांव तथा श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज पिरौना परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। सीमित संख्या में परीक्षा केन्द्र बनाये जाने के पीछे बताया गया है कि जिन केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता के सर्टिफिकेट माध्यमिक शिक्षा परिषद् को मिले थे केवल उन्हीं को केन्द्र बनाया गया है। बहरहाल, परीक्षार्थियों ने केन्द्रों बाले गांवों और कस्बे में डेरा डाल लिया है और कल परीक्षा शुरू होने से पहले वे अपना सीटिंग प्लान देख कर आश्वस्त भी हो गये हैं।

Leave a comment