
कोंच-उरई । बाजार और कस्बे की अन्य गलियों कुलियों में बेतहाशा पसरे अतिक्रमण की समस्या और रोज रोज आ रहीं जाम की शिकायतों के मद्देनजर इस विकट समस्या से छुटकारा पाने के लिये प्रशासन हरकत में आया है। गुरुवार को सीओ रुक्मिणी वर्मा और कोतवाल संतोषकुमार सिंह दल बल के साथ बाजारों में निकले और दुकानदारों को चेतावनी दी कि अपने आप ही यदि अतिक्रमण हटा लिया तो नुकसान से बचा जा सकता है, अन्यथा की स्थिति में बुलडोजर से हटवाना पड़ेगा। सीओ ने कहा है कि सरकार अतिक्रमण को लेकर काफी सख्त है और बिना किसी पक्षपात के सारा अतिक्रमण हटवा दिया जायेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी नोटिस बनवाये जा रहे हैं जिनकी तामीला के बाद समयबद्घ ढंग से सारा अतिक्रमण हटा दिया जायेगा।
गौरतलब है कि कोंच के लगभग सभी बाजारों में दुकानदार शर्मनाक ढंग से सरकारी जमीनों और रास्तों पर अतिक्रमण किये हैं जिसके चलते बाजारों में लोगों को पैदल तक निकल पाना मुश्किल है। मुख्य राजमार्ग से लेकर रामगंज बाजार, चौकी तिराहा, सर्राफा बाजार, बर्तन बाजार, मानिक चौक, बजरिया या इलाकों में वाहनों की कौन कहे, लोग पैदल निकलने तक को तरसते हैं। प्रशासन ने कई दफा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और पसरे अतिक्रमणों पर बुलडोजर तक चलवाये गये लेकिन बाद में इसकी मॉनीटरिंग नहीं होने के कारण आहिस्ता आहिस्ता दुकानदार फिर फैल गये। इस तरह पसरे अतिक्रमण के कारण जगह जगह जाम की झाम भी फंस जाती है और शिकायतें प्रशासन के कानों तक पहुंचती हैं। इस तरह की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर गुरुवार को प्रशासन ने एक्शन प्लान तैयार किया है जिसमें पहले तो दुकानदारों को अपने अतिक्रमण खुद हटाने के लिये समझाया जायेगा और नहीं मानने पर सख्ती से काम लिया जायेगा। सीओ रुक्मिणी वर्मा की अगुवाई में कोतवाल संतोषकुमार सिंह और भारी पुलिस बल बाजारों में निकला और दुकानदारों को अपने अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी। सीओ ने बताया है कि नोटिस तैयार कराये जा रहे हैं जिनकी तामीली के बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होगा।







Leave a comment