उरई। लोकसभा चुनाव आने के पहले केन्द्र सरकार अपनी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की कसावट बनाने में जुट गई है। जिले में शुक्रवार को केन्द्रीय अनुश्रवण टीम पहुंच रही है। जो प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, उज्जवला योजना, शौचालय निर्माण आदि के क्रियान्वयन की परख गांव-गांव जाकर करेगी।
सरकार गरीबों के लिए योजनाऐं घोषित कर देती है। लेकिन आम शिकायत है कि इन योजनाओं को भ्रष्ट सरकारी तंत्र और बिचैलिऐ हड़प जाते हैं। जिससे वंचितों को इनका कोई लाभ नहीं मिल पाता। सरकार को चुनाव में इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। इसलिए चुनावी वर्ष में सरकार ने सतर्कता बरतने का निश्चय किया है। केन्द्रीय अनुश्रवण टीम को दिल्ली से जिले में भेजने के पीछे सरकार की यहीं मंशा काम कर रही है।
नेशनल माॅनीटर मनोज दीक्षित के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल शुक्रवार को जिले में पहुंचेगा। गांवों का सरकारी कैडर केन्द्रीय टीम के दौरे को देखते हुए हरकत में आ गया है। लाभार्थियों को सेट किया जा रहा है ताकि वे केन्द्रीय अनुश्रवण टीम के सामने कोई शिकायत न कर दें। चालाक सरकारी तंत्र योजनाओं में हुई गड़बड़ियों की कारगर पर्देदारी का भी हुनर दिखाने में पीछे नहीं है। केन्द्रीय टीम इनका मायाजाल भेद कर हकीकत को कहां तक देख पायेगी इस पर लोगों की निगाहें जमी हुई हैं।

Leave a comment