
कोंच-उरई । नकल विहीन परीक्षायें संपन्न कराने की शासन की मंशा फलीभूत होती दिख रही है। सीसीटीवी कैमरों के नीचे परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की हवा शंट है क्योंकि एक चिंदी की भी नकल वे नहीं कर पा रहे हैं। ऊपर से अधिकारियों की आवाजाही से उन परीक्षार्थियों जिन्होंने नकल के भरोसे अपनी नैया पार लगाने का मन बना रखा था, के हौसले पूरी तरह पस्त हो चुके हैं।
शुक्रवार को डीआईओएस भगवत पटेल के अलावा स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने भी कोंच तहसील क्षेत्र के कई परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया जहां उन्हें फिलवक्त सब कुछ ठीक ठाक मिला। अधिकारियों की अगर मानें तो सख्ती का आलम यह है कि परीक्षार्थी पीछे तक नहीं मुड़ पा रहे हैं क्योंकि तीसरी आंख उनके ऊपर बराबर अपनी नजरें गड़ाये है। तहसीलदार भूपाल सिंह ने सिमिरिया इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज अकनीबा, एसआरपी इंटर कॉलेज कोंच तथा नाथूराम पुरोहित बालिका इंटर कॉलेज कोंच में जाकर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया है कि परीक्षायें ठीक ढंग से चल रहीं हैं और किसी भी सेंटर पर गड़बड़ी की शिकायतें फिलहाल नहीं मिली हैं।







Leave a comment