कोंच-उरई । योगी राज में भी दबंगों की तूती बोल रही है और गरीब बेसहारा लोग न्याय के लिये अभी भी भटकने को मजबूर हैं। ऐसा ही एक मामला आया है कैलिया थाने के ग्राम कमतरी में जिसमें कतिपय दबंग एक गरीब वृद्घ को सता रहे हैं लेकिन कैलिया पुलिस उस पीडि़त की गुहार पर कान नहीं दे रही है। शुक्रवार को उक्त पीडि़त वृद्घ ने एसडीएम सुरेश सोनी के यहां प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

दरअसल, कैलिया थाने के ग्राम कमतरी निवासी दयाराम पुत्र दौलतसिंह के दरबाजे पर गांव के ही दबंग किस्म के लोग भगवानसिंह, राजा, सुरजीत, ब्रजपाल, महेन्द्र आदि तार लगाये हैं जिससे दयाराम को आने जाने में दिक्कत होती है। दयाराम ने उनसे तार हटाने के लिये कहा तो वे गाली गलौज पर आमादा हो गये। बीती शाम लगभग पांच बजे दयाराम अपने दरबाजे से निकल रहा था तभी गांव का ही दबंग बलवानसिंह पुत्र दौलत वहां आया और लाठी डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इस घटना की शिकायत करने पीडि़त थाना कैलिया पहुंचा लेकिन उसकी व्यथा सुनने के बजाये पुलिस ने उसे वहां से झिड़क कर भगा दिया। पीडि़त यहां सीओ के यहां शिकायत करने आया था लेकिन उनके नहीं मिलने पर उसने एसडीएम से न्याय मांगा है।

Leave a comment