कोंच-उरई । पिछले महीनों में कोतवाली इलाके में हुई सनसनीखेज लूट के आखिरी आरोपी ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इसके सरेंडर के साथ ही मामले के सभी तीनों अभियुक्त अब जेल में हैं। दो को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है लेकिन तीसरे को हस्तगत करने में पुलिस नाकाम रही थी।

तकरीबन दो माह पूर्व 2 दिसंबर 2017 को कोतवाली क्षेत्र के तीतरा खलीलपुर और बस्ती गांवों के बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक पर जा रही एक महिला मंजू पत्नी अरविंदकुमार और उसके जेठ उपेन्द्रकुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी गड़ेरना थाना रेंढर की कनपटी पर तमंचा अड़ा कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के लिये चुनौती बनी इस लूट के मामले को खोलने के लिये उच्चाधिकारियों की डांट झेल रही कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लूट के दो आरोपियों पंकज तिवारी और राहुल यादव को तो गिरफ्तार कर लिया था लेकिन तीसरे आरोपी तक पहुंच पाने में पुलिस पूरी तरह नाकाम रही। तीसरे आरोपी सच्चू तिवारी पुत्र शेष नारायण तिवारी निवासी नया पटेल नगर कोंच ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुये अधिवक्ता देवेन्द्रकुमार वर्मा की मदद से न्यायालय बिशेष न्यायाधीश डकैती का न्यायालय रिक्त होने के कारण प्रभारी न्यायालय बिशेष न्यायाधीश आवश्यक वस्तु अधिनियम के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया। इस प्रकार मामले के तीनों आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं।

 

Leave a comment