उरई । चार बच्चों की मां ने घर के अंदर फाँसी पर लटक कर आत्म हत्या कर ली । मृतका की कहानी पुराने जमाने की आशा पारेख और राजेश खन्ना की फिल्म कटी पतंग की याद दिला देती है । वह विवाह के बाद 2 साल तक अपने पति के साथ रही लेकिन फिर मायके के अपने प्रेमी के साथ ससुराल से भाग निकली । 5 वर्ष पहले जब वह पहली बार गर्भवती हुई तो अपने प्रेमी के साथ मायके आ कर रहने लगी । इस बीच उसके 2 लड़के और 2 लड़कियाँ हुईं । उसका प्रेमी राजस्थान में कोई प्राइवेट जाब कर रहा है । पुलिस ने उसे खबर भेजी है । पुलिस के मुताबिक उसके आ जाने पर शायद आत्म हत्या की वजह पता चल सकेगी ।
शादी के बाद भी न भूल सकी बचपन की मुहब्बत
कदौरा थाने के हांसा में शुक्रवार को मालती (32वर्ष ) ने फाँसी पर झूल कर आत्महत्या कर ली । लगभग 10 वर्ष पहले घर वालों ने उसकी शादी कानपुर के महाराजपुर थानान्तर्गत तिरसौल गाँव में कर दी थी । लेकिन वह इसके पहले ही गाँव के धर्मेन्द्र से आँखे चार कर चुकी थी इसलिये विवाह के बाद भी वह चोरी छुपे धर्मेन्द्र के संपर्क में बनी रही ।
एक दिन वह ससुराल से धर्मेन्द्र के साथ भाग निकली । धर्मेन्द्र उसे सूरत ले गया जहाँ वह नौकरी करने लगा । 5 वर्ष पहले जब वह पहली बार गर्भवती हुई तब दोनों एक दिन हांसा आ गए । इस बीच उनकी ज़िंदगी हंसी खुशी से बीत रही थी । उनके 4 संतानें भी हो गई थीं । गाँव में गुजारा न चलने से धर्मेन्द्र नौकरी करने राजस्थान चला गया था । इस बार छुट्टी न मिल पाने से वह त्योहार में भी घर नहीं आ पाया था लेकिन दोनों के बीच नौकरी या किसी और बात को ले कर तनाव की जानकारी गाँव वालों को नहीं है ।
असलियत जानने के लिए पुलिस को प्रेमी के आने का इंतज़ार
इसी नाते उसके खुदकशी के फ़ैसले को ले कर कई सवाल और अटकलें हैं । उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद पुलिस अब धर्मेन्द्र के आने का इंतज़ार कर रही ताकि उसकी आत्म हत्या से जुड़े सवालों की गुत्थी सुलझा सके ।




Leave a comment