कालपी-उरई। होली की दूज पर यमुना मैया की परंपरागत महाआरती स्वयं सेवी संस्था घुमंतू-हसंतू क्लब के तत्वावधान में धूमधाम से हुई। जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।
इस दौरान होली मेला समारोह में क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने कहा कि कालपी नगरी का एतिहासिक और धार्मिक महत्व है। इसलिए यहां के सांस्कृतिक तथा पौराणिक स्थलों को सहेजने और उनके सुंदरीकरण के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि समूची कालपी नगरी को उसकी गरिमा के अनुरूप सजाने संवारने का प्रयास होगा।
उप जिलाधिकारी सतीश चंद्र ने कहा कि त्यौहारों और मेलों से समाज में भाईचारे का माहौल बनता है। उन्होंने बुराइयों को त्यागकर अच्छाइयों की ओर बढ़ने का आवाहन किया।
इस अवसर पर तहसीलदार शालिगराम, प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष कमर अहमद, विजय गांधी, डा. नरेश मैयर, रविंद्र नाथ गुप्ता, रामशंकर पुरवार, उमाशंकर पुरवार, पारस पुरवार आदि गणमान्य उपस्थित रहे। गीतकार शिवबालक सिंह यादव धमना की पार्टी ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। उदीयमान छात्रा सजल पोरवाल ने गीत एवं गजल की प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने महाआरती के बाद यमुना में दीपदान किया तो पूरी नदी दूर तक जगमगा उठी और मनोहारी दृश्य निर्मित हो गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष जय खत्री ने किया।

Leave a comment