
उरई । उत्पीड़न के शिकार आटा थाने के कुसमरा गाँव के दलितों ने रविवार को जिला मुख्यालय पर आ कर कोतवाली के सामने गांधी जी की प्रतिमा के नीचे धरना शुरू कर दिया जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया । नगर क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार उनके बीच पहुँचे और किसी तरह उन्हे मना कर उप जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के पास ले गए । उप जिलाधिकारी ने अकेले में उनसे चर्चा करने के बाद सी ओ से कहा कि वे खुद मौके पर जायें और पता करें यह व्यक्तिगत झगड़ा है या जातिगत । अगर दलितों को जातिगत भावना से सताया जा रहा है तो यह गंभीर स्थिति है ।
कुसमरा गाँव पिछले तीन चार दिन से जातीय तनाव की तपिश में झुलस रहा है । दलितों का आरोप है कि गाँव के दबंग हर रोज उन पर हमले कर रहे हैं । उनकी लड़कियों को बेआबरू तक किया जा रहा है । पुलिस से फरियाद की जा चुकी है लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की । जुल्म की इन्तहा होने के बाद वे सरकार के कानों तक अपनी आवाज पहुँचाने के लिए मजबूरी में सड़क पर उतरे हैं । सी ओ ने आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जाँच कर उत्पीड़न करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे ।






Leave a comment