कोंच-उरई | ग्राम भेंड़ में दो लोगों ने एक व्यक्ति की उस समय मारपीट कर दी जब वह रात में शौच क्रिया के लिये जा रहा था। हमलावरों ने मरा जान उसे चार पहिया वाहन में डाल कर कई किमी दूर ग्राम भदारी के पास खेतों में फेंक दिया। राहगीरों ने 108 पर फोन कर अस्पताल भिजवाया जहां वह दो दिन भर्ती रहा। घायल ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ निवासी लालू पुत्र सुखलाल कोरी गुजरी 27 फरवरी को रात तकरीबन दस बजे शौच क्रिया के लिये कोंच-जालौन सड़क के दूसरी तरफ स्थित खेतों में शौच के लिये गया था। शौच के बाद उसने ठेके से जब शराब खरीदने का प्रयास किया तो बताते हैं कि उसकी वहां मौजूद दो लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों हमलावरों ने लालू के साथ जमकर मारपीट की। हमलावरों ने उसे इतना मारा कि वह अधमरा हो गया। मरा जान हमलावरों ने अपने घर से चार पहिया वाहन मंगा कर लालू को उसमें लादा और कोंच-उरई रोड पर स्थित भदारी गांव के खेतों में फेंक दिया। पूरी रात लालू वहां अचेत पड़ा रहा। सुबह किसी राहगीर ने उसे पड़ा देखा तो 108 ऐंबुलेंस को फोन कर दिया। ऐंबुलेंस ने उसे सीएचसी कोंच में भर्ती कराया जहां दो दिन वह पड़ा रहा। रविवार को उसने मामले की तहरीर कोतवाली में दे दी है।

Leave a comment

Recent posts