उरई। यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की उरई डिपो शाखा का वार्षिक चुनाव सभापति इंदर सिंह चैहान और चुनाव अधिकारी संजय सचान की देखरेख में कराया गया। जिसमें संचालन शाखा से रियाजुल हक 27वें बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गये। मो. जमील मंत्री, भूपेश कुमार द्विवेदी कोषाध्यक्ष और महेंद्र सिंह निरंजन संगठन मंत्री निर्वाचित किये गये।
दूसरी ओर कार्यशाला शाखा में ठाकुर दास को अध्यक्ष और आबिद उल्ला को मंत्री चुन लिया गया। इस शाखा में पीपी गुप्ता कोषाध्यक्ष और प्रदीप गुप्ता संगठन मंत्री निर्वाचित हुए।
चुनाव के बाद सभा को संबोधित करते हुए रियाजुल हक ने कहा कि डिपो एवं क्षेत्रीय स्तर पर वेतन में अवैध कटौती सहित कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण कराने का हर संभव प्रयास किया जायेगा। जिसके लिए प्रबंध तंत्र से यथा शीघ्र बातचीत की जायेगी। उन्होंने कहा कि डिपो में बदहाली का कारण अवैध संचालन है। यदि यह बंद हो जाये तो डिपो स्वयं उन्नत कर जायेगी। फलस्वरूप कर्मचारियों को किसी कार्रवाई का सामना नही करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मूलभूत समस्याओं स निपटने के लिए जिला स्तर पर शीघ्र ही आंदोलन की घोषणा की जायेगी।
मंत्री मो. जमील ने कहा कि डिपो स्तर पर चालकों और परिचालकों का जो उत्पीड़न हो रहा है उसे समाप्त कराया जायेगा। सभाध्यक्ष इंदर सिंह ने इन विचारों से सहमति प्रकट करते हुए आंदोलन से पूर्व इसके लिए शीघ्र ही जिला प्रशासन से वार्ता करने का सुझाव दिया।
सभा में उदय गोयल, मो. नौशाद, श्याम बिहारी, सुनील दुबे, विजय पंडित, मानसिंह, भजन लाल, भगवती प्रसाद, पीएन वर्मा, अंकित पटेल, राजकुमार, मो. युसुफ, अमित कुमार, सौदान सिंह, भूपेंद्र सिंह, नरेंद्र दोहरे, आजाद अली, महेंद्र वर्मा, महेश गुप्ता, मकसूद अहमद, रामबाबू, रामशंकर वारी, अशोक सैनी आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।





Leave a comment