उरई। कुठौंद में भाजपा के लिए प्रतिष्ठापूर्ण बने ब्लाक प्रमुख उपचुनाव में मतदान के एक दिन पहले पार्टी का बड़ी राहत मिली जब बागी प्रत्याशी अनुसुइया सोनी ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। नाटकीय घटनाक्रम के तहत गुरुवार को अनुसुइया सोनी विकास खंड कार्यालय के परिसर में निर्वाचन अधिकारी जालौन के उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह के सामने पहुंचीं और उन्होंने नामांकन वापसी के कागज उनके सामने पेश कर दिये।
इसके पहले भाजपा द्वारा उम्मीदवार न बनाये जाने से नाराज अनुसुइया सोनी ने पार्टी के स्थानीय दिग्गजों द्वारा काफी मनाये जाने के बावजूद न केवल उम्मीदवारी के लिए पर्चा खरीद लिया था बल्कि बुधवार को पर्चा दाखिल भी कर डाला था। इससे भाजपा नेता परेशान थे। पार्टी द्वारा समर्थित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के एक बड़े गुट द्वारा अनुसुइया सोनी के पक्ष में मतदान किये जाने के आसार के चलते अधिकृत उम्मीदवार की जीत तय करने में उन्हें पसीने छूट रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि भाजपा के क्षेत्र संगठन के उपाध्यक्ष पर्वत सिंह यादव के बात करने के बाद अनुसुइया सोनी पर्चा वापसी के लिए तैयार हुईं। चूंकि पर्वत सिंह ने उन्ही को उम्मीदवार बनवाने की काफी कोशिश की थी। अनुसुइया सोनी का पर्चा वापस होने के बाद 9 मार्च को होने वाले मतदान में अब भाजपा प्रत्याशी नीलम यादव और सपा नेता श्याम यादव की अनुज वधू नीरज यादव के बीच सीधा मुकाबला होना है। जिसमें भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। खास बात यह है कि समाजवादी पार्टी ने नीरज यादव को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित करने से परहेज रखा है।

Leave a comment