उरई। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र की मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को किसान विरोधी ठहराते हुए 13 मार्च को दिल्ली में एक बड़ी रैली करने और 27 मार्च को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश भर मे किसानों की आत्महत्या के मामलों के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है।
गुरुवार को यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए टिकैत ने कर्ज माफी के नाम पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश भर के किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ करने की बात कही थी। लेकिन इसको सीमित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर पूरे प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ नही किया जा रहा था तो बुंदेलखंड के ही सभी किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाता। जहां किसान सबसे ज्यादा प्राकृतिक आपदा की मार झेलते हैं।
टिकैत ने 10 साल पुरानी डीजल गाड़ियों पर प्रतिबंध की आड़ में किसानों के ट्रैक्टर भी शामिल किये जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टरों को इससे बाहर रखा जाये या सरकार पुराने ट्रैक्टर लेकर किसानों को नये ट्रैक्टर देने की व्यवस्था करे। उन्होंने बुंदेलखंड आर्गेनिक बोर्ड बनाने की मांग की। उन्होंने कहा जिस तरह सिक्किम को आर्गेनिक प्रदेश घोषित किया गया है उसी तरह बुंदेलखंड को भी आर्गेनिक प्रदेश घोषित किया जाये। जिससे यहां आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देकर कम संसाधनों में फसल तैयार की जा सके।
उन्होंने बुंदेलखंड में अन्ना पशु प्रथा की समस्या की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने इससे निपटने के लिए गौशाला बनाने के दावे किये थे। लेकिन धरातल पर इस मामले में कुछ नही हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों ने जो फसल बो दी है उस फसल की खरीद की पूरी गारंटी सरकार को लेनी चाहिए। उन्होंने बुंदेलखंड में नहरों की सुचारू व्यवस्था न होने से फसलों की बर्बादी पर भी आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति संवेदनहीन होने के कारण ही प्रदेश सरकार ने बिजली शुल्क बढ़ाने में किसानों को राहत देने पर कोई गौर नही किया। मार्च में किसानों का सरचार्ज माफ कर दिया जाता था इस बार इससे भी मुंह मोड़ लिया गया है।
टिकैत ने बताया कि दिल्ली की रैली में किसानों की समस्याओं को शिददत के साथ उठाया जायेगा और स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जायेगा।

Leave a comment