उरई। कुठौंद में ब्लाक प्रमुख के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने इकतरफा जीत हासिल की। सपा नेता की अनुज वधू प्रतीकात्मक मुकाबला ही कर पाईं। जबकि उनकी जेठानी के विरुद्ध पेश किये गये अविश्वास प्रस्ताव में संघर्षपूर्ण स्थिति रही थी। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि भाजपा को अपने ब्लाक प्रमुख को पदासीन कराना चुनौतीपूर्ण होगा।
शुक्रवार को उपचुनाव के कारण कुठौंद में भारी गहमा-गहमी रही। कानून व्यवस्था पर निगाह रखने के लिए जालौन के पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा खुद मोर्चा संभाले रहे।
मतदान प्रारंभ होते ही इकतरफा चुनाव स्पष्ट होने लगा था। 69 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 4 को उनके पास प्रमाण पत्र न होने से मतदान नही करने दिया गया। एक सदस्य मतदान से नदारत रहा। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी नीलम यादव और सपा नेता श्याम सिंह यादव की अनुज वधू नीरज यादव दोनों ने ही अपने वोट डाले।
मतदान का समय समाप्त होने के बाद उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह की देखरेख में मतगणना शुरू हुई। जिसमें दो मत अवैध होने के कारण निरस्त कर दिये गये। नीलम यादव को 57 और नीरज यादव को 5 मत मिले। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।

Leave a comment