उरई। 15 दिन से लो वोल्टेज के कारण पेयजल और सिचाई की समस्या से जूझ रहे ऊमरी कस्बे में लोगों ने शनिवार को बस स्टैण्ड के पास सड़क पर जाम लगा दिया। भीड़ के उग्र तेवरों के कारण स्थिति नियंत्रित करने के लिए रामपुरा के अलावा गोहन और कुठौंद थानों का फोर्स भी मौके पर बुला लिया गया था। लगभग दो घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद बिजली विभाग के अवर अभियंता के मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिये जाने से लोग शांत हो सके।
ऊमरी में रामपुरा स्थित विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई होती है। 15 दिन पहले रामपुरा उपकेंद्र के ऊमरी फीडर की मशील खराब हो गई थी जिससे ऊमरी कस्बा सिद्धपुरा गांव के फीडर से जोड़ दिया गया। इसके चलते ऊमरी में लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो गई। नतीजतन पेयजल और सिचाई नलकूप ठप्प हो गये और हाहाकार की स्थिति पैदा हो गई। लोगों ने कई बार ऊमरी फीडर को ठीक कर विद्युत आपूर्ति यथावत करने के लिए क्षेत्र के अभियंता से गुहार लगाई। लेकिन लापरवाही की वजह से इस पर कोई ध्यान नही दिया गया।
आजिज आकर लोगों ने आज दोपहर बस स्टैण्ड के पास सड़क पर धरना देकर यातायात ठप्प कर दिया। जानकारी मिलने पर पहले रामपुरा पुलिस शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मौके पर पहुंची। लेकिन भीड़ और गर्म माहौल देखकर बाद में अन्य थानों का फोर्स भी बुला लिया गया। तनाव बढ़ने के बाद पुलिस के बुलावे पर बिजली विभाग के क्षेत्रीय अवर अभियंता अमित शर्मा प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने तीन दिन के अंदर लो वोल्टेज की समस्या समाप्त कराने का आश्वासन दिया। लोगों ने एक लाइन मैन को हटाने पर भी जेई से विरोध जताया। उनका कहना था कि पप्पू लाइन मैन जिसे हटाया गया है समस्या होने पर तत्काल सुधारने के लिए आ जाता था। जबकि उसके स्थान पर लाया गया लाइन मैन शराब में मस्त रहता है और फाल्ट ठीक करने का पैसा मांगता है। जेई ने इस पर पुराने लाइन मैन को फिर से ऊमरी में तैनात करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में मंगल सेंगर, पप्पू, बल्लन, रिंकू, जितेंद्र, सोनू पाल, शीलू चैहान, चंचल आदि शामिल रहे।







Leave a comment