उरई। शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक में एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कड़े तेवर दिखाये। उन्होंने कहा कि निरोधात्मक एक्शन और रात्रिकालीन गश्त को नियमित करके ऐसी व्यवस्था की जाये जिससे कम से कम अपराध हो सकें। उन्होंने कहा कि आपसी विवाद के मामलों में समय रहते दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह कराने की कोशिश की जाये तांकि विवाद उग्र रूप धारण न कर सके।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थानावार लंबित विवेचनाओं की प्रगति का जायजा लिया। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के विलंबित मामलों में उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को कड़ी फटकार लगाई। अदालती वारंट के वांछितों की गिरफ्तारी के बारे में भी उन्होंने पूंछतांछ की। उन्होंने कहा कि विवेचना में लापरवाही नही की जानी चाहिए। वारदातों के खुलासे से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है कि उनके आरोपियों को सजा दिलाने की कटिबद्धता बनाये रखते हुए दुरुस्त विवेचना की जाये। उन्होंने कहा कि सजा का प्रतिशत बढ़ने से ही अपराध कम होगें।
पुलिस अधीक्षक ने जुआ, अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और अन्य संगठित अपराधों के नियंत्रण के लिए थानाध्यक्षों से अपना अभिसूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि शांतिप्रिय जनता से थानाध्यक्षों का बेहतर तालमेल होना चाहिए तांकि कानून व्यवस्था की समस्या पैदा न हो सके। बैठक में सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।







Leave a comment