उरई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक विकास भवन स्थित कार्यालय में शनिवार को अध्यक्ष रामप्रसाद श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई जिसका संचालन हरीश कुमार राठौर ने किया। बैठक में द्विवार्षिक अधिवेशन अप्रैल में कराने की घोषणा की गई।
इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष शीलकुमार दूरवार ने अवकाश के दिनों में भी जिला प्रशासन द्वारा कर्मचारियों से काम लेने पर आक्रोश प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस रीति-नीति को छोड़ें। अवकाश के दिनों में कर्मचारी को काम करने के लिए तभी मजबूर किया जाये जबकि कोई अपरिहार्य कारण हो। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने कहा कि होली के त्यौहार पर फरवरी में ही सभी कर्मचारियों का वेतन प्रदान कर देने के निर्देश शासन ने दिये थे। लेकिन कई विकास खंड एवं कार्यालयों ने इसके बावजूद फरवरी माह के वेतन पर रोक लगा दी। जो कि शासन के आदेशों का सरेआम उलंघन है।
मंडलीय अध्यक्ष अंगद सिंह कछवाह और जिला मंत्री हरीश कुमार राठौर प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालय निर्माण योजना में विकास खंड स्तरीय कर्मचारियों के उत्पीड़न से खफा नजर आये। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जनपद में खनन ठप्प है। जिससे निर्माण प्रभावित हो रहा है फिर भी अधिकारी आवास पूर्ण कराने का दबाव कर्मचारियों पर बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि उक्त योजना की धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में जाती है। जिससे निर्माण को पूर्ण करना उसका ही दायित्व है। कर्मचारी इसमें कहीं नही आते। उनका इसके लिए उत्पीड़न अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अगर उत्पीड़न बंद न किया गया तो कर्मचारी आंदोलन छेड़ देगें जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
बैठक मेें संजीव कुमार यादव, अरविंद कुमार नायक, केशव कांत त्रिपाठी, गुलाब सिंह, रामबरन सिंह, कमला रावत, चंचल कुमारी, आयुषी अग्रवाल, रेखा स्वर्णकार, नौशाद अली, नागेंद्र त्रिपाठी, अजय कुमार गुप्ता, अरविंद कुमार, अर्चना कुशवाहा, विनोद कुमार, अखिलेश शर्मा, मेधा भारद्वाज, गोपाल त्रिपाठी, बालेंद्र सिंह, मनोज गौतम, नृपेंद्र विक्रम सिंह, रमाकांति, बलवीर सिंह, विजय लक्ष्मी, रामकुमार आदि उपस्थित थे।







Leave a comment