उरई। प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया है कि रोडवेज अब कोई खटारा बस नही चलायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी बसों को बदलने के लिए 1100 नई बसों की खरीद की जा रही है। 150 एसी बसे भी खरीदी जा रही हैं। जालौन जिले को भी कई नई एसी बसे दी जायेगीं।
रविवार को अपने गृह जनपद में प्रवास के समय पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा यूपी रोडवेज की प्राथमिकता है। इसके तहत सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाये जा रहे हैं तांकि अराजक तत्वों पर निगाह रखी जा सके।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए गुलाबी रंग की 50 विशेष बसें चलवाई जायेगीं। उन्होंने कहा कि ऐसी बसें महिला स्पेशल होगीं।
स्वतंत्रदेव ने बताया कि शहर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रोडवेज का अपना स्टैण्ड बनेगा। गौरतलब है कि इस समय कोंच रोड पर नगर पालिका की जमीन पर रोडवेज का बस स्टैण्ड चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर रोडवेज के शानदार बस स्टैण्ड बनाये जा रहे हैं। उरई में प्रस्तावित बस स्टैण्ड को लेकर उन्होंने बताया कि इसके लिए जमीन लगभग चयनित हो गई है। उसके फाइनल होते हुए काम शुरू करा दिया जायेगा। स्वतंत्रदेव ने कहा कि रोडवेज की इतनी ओवरहालिंग के बावजूद सरकार के प्रयासों से इसके घाटे को खत्म कर लिया गया है। रोडवेज वर्तमान सरकार में 98 करोड़ रुपये के मुनाफे वाला उपक्रम बन चुका है जो कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। स्वतंत्रदेव सिंह ने आज परिवहन जागरूकता गाड़ी को भी हरी झंडी देकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ओवरलोड रोकने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाने की घोषणा की। कहा कि मानक वाली बाडी के ट्रक ही सड़कों पर चलेगें।

Leave a comment