उरई। यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 11 अप्रैल को प्रदेश भर में चक्का जाम करने का फैसला लिया है। यह जानकारी लखनऊ में हुई प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेकर लौटे यूनियन की उरई डिपो शाखा के अध्यक्ष रियाजुल ने दी।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष रामजी त्रिपाठी ने कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारियों के लिए 1 जनवरी 2016 से केंद्र की तरह सांतवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाये। उन्होंने कहा कि चौथे, पांचवें और छठे वेतन आयोग के लिए भी यूनियन को संघर्ष करना पड़ा था। जिसमें पूरे प्रदेश के कर्मचारियों को सहयोग प्राप्त हुआ था। नतीजतन यूनियन ने कामचाबी पाई थी। इस बार अगर फिर एकजुटता का परिचय दिया गया तो निश्चित रूप से इतिहास अपने को दोहरायेगा।
प्रदेशीय बैठक में संविदा कर्मचारियों के बारे में भी चर्चा की गई। इसमें संविदा कर्मचारियों के लिए वेतनमान फिक्स करने की आवाज उठाई गई। प्रदेश के सभी मार्ग महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात और आंध्रप्रदेश की तरह राष्ट्रीकृत करने और परिवहन निगम को राजकीय रोडवेज घोषित करने की भी मांग की गई।

Leave a comment