जालौन-उरई। नगर पालिका की लापरवाही के किस्से लगातार सामने आ रहे हैं। नगर में दिन में भी हाईमैक्स लाइटें जलती रहती हैं। बिजली की इस तरह भारी बर्बादी की कोई फिक्र अभी तक नगर पालिका प्रशासन ने नही की है।
स्थानीय नगर पालिका बोर्ड ने रात में सार्वजनिक रोशनी के लिए शासन के एलईडी लाइटें लगाने के निर्देशों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर हाईमैक्स लाइटें लगवा दी हैं। यहां तक कि श्मशान घाटों पर भी पचासों लाख की हाईमैक्स लाइटें लगवाई गईं हैं। जबकि इसकी कोई जरूरत नही थी। क्योंकि रिवाज के मुताबिक सूरज ढलने के बाद दाह संस्कार नही होता। इस तरह श्मशान घाट पर लगाई गईं हाईमैक्स लाइटों से जिंदा आबादी का तो कोई सरोकार है नही अलबत्ता नगर पालिका मुर्दों की सेवा कर रही तो बात अलग है।
इसी तरह आवास विकास कालौनी, बालाजी चौराहा, उरई चौराहा व बाजार में भी हाईमैक्स लाइटें लगी हैं जो दिन-रात जलती हैं। जिससे बिजली की भारी फिजूलखर्ची हो रही है। लेकिन जिम्मेदारों को इसकी कोई परवाह नही है।

Leave a comment