
उरई। प्रदेश में दलित उत्पीड़न की घटनाओं की बाढ़ एवं महान विभूतियों के अपमान की घटनाओं में वृद्धि तथा सरकार के द्वारा इन घटनाओं को रोकने में असफल रहने की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने और दलित समाज को अपनी सुरक्षा की प्रति जागरूक बनाने के लिए दलित सुरक्षा एवं संविधान बचाओ सम्मेलन का आयोजन टाउन हाल उरई के मैदान में 13 मार्च को पूर्वान्ह 11 बजे से होगा जिसमें राष्ट्रीय एवं प्रदेशीय तमाम दिग्गज कांग्रेसी नेता मौजूद रहेगे।
रविवार को यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक यादव के आवास पर पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष संतराम नीलांचल, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चैधरी, शहर अध्यक्ष डा. रेहान सिद्दीकी ने बताया कि सम्मेलन में पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य गुलाम नवी आजाद, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष केराजू, पूर्व मंत्री भारत सरकार सुशील कुमार सिंदे, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी, पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी के साथ ही हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी मौजूद रहेगे। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में गुलाबी गिरोह की कमांडर संपत पाल भी मौजूद रहेगी। सम्मेलन में झांसी एवं चित्रकूट मंडल के सभी सातों जनपदों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेगे। संतराम नीलांचल ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद से अराजकता का माहौल है और देश की महान विभूतियों को खंडित व अपमानित करने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। आये दिन हत्या लूट बलात्कार, चोरी, डकैती की घटनाओं से जहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है वहीं दलित एवं महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोक पाने योगी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। आये दिन दलित महिलाओं को जिंदा जलाने एवं उनके साथ सामूहिक बलात्कार की घटनाएं पर सरकार की चुप्पी घातक है जिसका लाभ अराजकतत्व उठाने में लगे हुए है। अपराधों की बाढ़ से प्रदेश भर में हाहाकार मचा हुआ है। दलितों एवं महिलाओं के अस्मिता पर हो रहे हमले तथा आये दिन संविधान को चुनौती देने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस का दलित सुरक्षा एवं संविधान बचाओ सम्मेलन होने जा रहा है। जिसमें दलित की सुरक्षा एवं संविधान हो बचाने की ओर शासकों का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में बुंदेलखंड के सभी जनपदों के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद सहित सभी पदाधिकारी शामिल रहेगे। पत्रकार वार्ता में जितेन्द्र वर्मा, भग्गूलाल बाल्मीकि, संतोश सिंह, प्यारेलाल कुशवाहा, राकेश सिंह, राजेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।







Leave a comment