उरई। कुठौंद क्षेत्र में पेड़ों के अवैध कटान कर चोरी छिपे तस्करी करने वाले गिरोह का कुठौंद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रात के अंधेरे में शीशम की चोरी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर शीशम की लकड़ी से भरी पिकअप बरामद की है।

उल्लेखनीय है कि कुठौंद थाना अध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी, एसएसआई दौलतराम शाक्य, सिपाही नीरज, सतेन्द्र कुमार, हरेन्द्र कुमार ने मुखबिर की सूचना पर एको मंदिर के समीप शीशम की लकड़ी से भरकर जा रही पिकअप को पकड़ लिया। पूंछतांछ के दौरान पुलिस को पता चला कि क्षेत्र से बड़े पैमाने पर शीशम की लकड़ी का अवैध कटान कर दूसरे जनपदों में भेजी जा रही है। पुलिस ने मौके से ठेकेदार मो. नदीम पुत्र समीम कुरैशी मोहल्ला इस्लामनगर बाबरपुर थाना अजीतमल जनपद औरैया हालमुकाम अब्दुल्लापुर कुठौंद, चालक धर्मवीर पुत्र सरमनलाल निवासी बिचैली जिला औरैया को गिरफ्तार कर लिया। पूंछतांछ में पुलिस को यह भी जानकारी मिली लकड़ी की अवैध कटान में वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों की मिलीभगत रहती है जिसके चलते लकड़ी माफियाओं द्वारा बेशकीमती शीशम के पेड़ों का अवैध कटान कर लकड़ी को जिले के बाहर ले जाया जाता है। पुलिस वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय विगत दिनों एसएसआई दौलतराम शाक्य के द्वारा दो मोटरसाइकिलो व एक ईरिक्शा चोर को भी गिरफ्तार किया गया था। कुठौंद थानाध्यक्ष सुनील तिवारी का कहना था कि वह क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध कार्य नही होने देगे और अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नही बरती जाएगी। चाहे फिर वह कितने बड़े ही रसूखवाले क्यो न हो।

 

 

Leave a comment