झोलाछाप डाक्टर पर लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग
पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया मामला
जालौन स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक पर उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक पर जमकर हंगामा काटा और नारेबाजी की। परिजनों का गुस्सा देख डाक्टर शटर डालकर वहां से खिसक गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि डाक्टर दोषी होता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
जालौन कोतवाली के शहजादपुरा गांव निवासी अली हसन ने बताया कि बीते एक सप्ताह से उसके ढाई वर्षीय बेटे आयना का स्वास्थ्य खराब था। शनिवार देर शाम उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते वह बेहोश हो गया। यह देख परिजनों के हाथ पाव फूल गए और आनन फानन में वह जालौन स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक पर लेकर पहुंचे, जहां पर उसको वहां पर मौजूद डाक्टर को दिखाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाते ही उसके बेटे की मौत हो गई। इस पर गुस्साएं घरवालों ने जमकर हंगामा काटा और डाक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह परिजनों को शांत कराया, तब कहीं जाकर मामला ठंडा हो सका।






Leave a comment