उरई। पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कोंच में कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन आरक्षी आवास देखे और कार्य को तेज करने के निर्देश दिये। भोजनालय कक्ष में साफ-सफाई और अच्छे खाने को लेकर उन्होंने रसोइये की पीठ ठोकी। महिला आरक्षियों के लिए बन रहे आवासों को भी देखा।
बाद में प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में खराब कुर्सियां देखकर उन्हें बदलवाने और सफाई और रोशनी की व्यवस्था ठीक रखने के निर्देश दिये। मालखाने में उन्होंने असलहों को बारीकी से देखा। कम्प्यूटर कक्ष में काम कर रहे आरक्षियों की भी उन्होंने तारीफ की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोंच में कोतवाली घनी बस्ती के बीच है लेकिन फिर भी इसकी लोकेशन अच्छी है। उन्होंने कोतवाली में खड़े छोटे-बड़े वाहनों की नीलामी के लिए भी निर्देशित किया। जाम की समस्या पैदा न होने देने के लिए भी पुलिस को चैकस किया।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि कोंच सर्किल में एक नया थाना भेड़ में खोला जा रहा है जिसके लिए जल्द ही भूमि की पैमाइश की जायेगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुरेश सोनी, पुलिस उपाधीक्षक रुक्मणि वर्मा, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, इंस्पेक्टर जितेंद्र तिवारी, एसएसआई मनोज सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे।

Leave a comment