जालौन-उरई। विकास खंड क्षेत्र के रोजगार सेवकों को दस माह से मानदेय नही मिला है जिससे क्षुब्ध रोजगार सेवकों ने बुधवार को खंड विकास कार्यालय में एकत्र होकर विकास खंड अधिकारी को एक ज्ञापन दिया। इसमें एनआरईपी बाबू को उन्हें मानदेय न मिलने देने का जिम्मेदार ठहराया गया है।
ब्लाक क्षेत्र की 62 ग्राम पंचायतों में तैनात 44 रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी सुदामा शरण से कहा कि वे लोग प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, पेयजल व अन्य विभिन्न योजनाओं के धरातल पर क्रियांवयन में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद एनआरईपी बाबू संतराम पाल की हठधर्मिता के कारण उन्हें भुखमरी का सामना करना पड़ रहा है। उक्त बाबू जानबूझ कर रोजगार सेवकों को परेशान करने पर आमादा है। रोजगार सेवकों ने कहा कि अगर उनको मानदेय जल्द न मिला तो वे आंदोलन छेड़ देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बाबू का पुत्र दीपेश पाल ब्लाक में एकाउंटेंट है। जिससे बाबू और ज्यादा दबंगई दिखा रहा है।
खंड विकास अधिकारी सुदामा शरण ने बाद में बताया कि जिन रोजगार सेवकों की प्रशासनिक मद पूर्ण है उनका मानदेय 24 घंटे के अंदर उनके खाते में पहुंचा दिया जायेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रवीण कुमार दीक्षित, नारायण दास, छोटेराजा, सुरेंद्र कुशवाहा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a comment