जालौन-उरई। विकास खंड क्षेत्र के इटइया गांव में लगभग एक माह से आधा दर्जन हैंडपंप खराब हैं। जिससे गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी ग्राम पंचायत सचिव खराब हैंडपंप को ठीक कराने में कोई दिलचस्पी नही दिखा रहे हैं।
मालूम रहे कि इटइया ग्राम पंचायत में तीन गांव इटइया, पनहरा और बिरहरा शामिल हैं। जिनमें आधा दर्जन हैंडपंप एक माह से खराब पड़े हैं। बचे हैंडपंपों पर एक अनार सौ बीमार की हालत है। इसके बाद भी वहां तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी अमर सिंह पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कोई तत्परता दिखाने को तैयार नही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक हैंडपंप सही नही कराये गये हैं।
आशाराम, रविशंकर, प्रद्युम्न आदि ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से मांग की है कि घटते हुए जल स्तर को देखते हुए हैंडपंप सही कराये जाये जिससे ग्रामीणों को पानी की किल्लत से न जूझना पड़े। इस पर उप जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को लिखित निर्देश दिये हैं कि खराब हैंडपंप जल्दी सही कराकर उन्हें अवगत करायें।

Leave a comment