उरई। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बुधवार को देर शाम कुठौंद थाने में जालौन सर्किल के तीनों थानों का अर्दली रूम किया। इसमें लंबित विवेचनाओं को लेकर थानाध्यक्षों व दरोगाओं को उनकी फटकार झेलनी पड़ी। बाद में उन्होंने नवरात्र का अवसर देखते हुए जालौनी वाली माता के मंदिर का भी निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कल रात थाना कुठौंद में अर्दली रूम किया जिसमें जालौन के प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा, कुठौंद के थानाध्यक्ष सुनील तिवारी और सिरसाकलार के थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन दरोगाओं की टीम के साथ मौजूद थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों से एक-एक विवेचना के बारे में दरियाफ्त की। उन्होंने कहा कि कोताही के कारण कई विवेचनाएं पूरी नही हो पाई हैं जबकि इसके लिए पर्याप्त समय गुजर चुका है। इस तरह की हीलाहवाली को बर्दास्त नही किया जायेगा।
इस अवसर पर जालौन सर्किल के उपाधीक्षक संजय शर्मा भी मौजूद थे। अर्दली रूम के बाद पुलिस अपर अधीक्षक जालौनी वाली माता पर गये। नवरात्र के दौरान इस मंदिर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं होती हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई खामी न छोड़ी जाये। खासतौर से महिलाओं के साथ अभद्रता व चैन स्नैचिंग जैसी घटनाएं न होने देने के लिए पूरी सजगता बरती जाये।

Leave a comment