उरई। इलाहाबाद बैंक की बाबई शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये लाखों की धोखाधड़ी के 2007 और 2008 के मामलों के मास्टर माइंड नरेंद्र पाल सिंह उर्फ लल्लू निवासी लहरउआ के द्वारा खरीदे गये बुलेरों, ट्रैक्टर, ट्रक व मोटर साइकिल आदि कई वाहन जिला मजिस्ट्रेट ने गैंगस्टर के तहत कुर्क कर लिए हैं।
इस चर्चित मामले में नरेंद्र पाल सिंह, सतीश चंद्र व वीरेंद्र सिंह यादव ने दलाली करके बाबई शाखा के तत्कालीन प्रबंधक शेरसिंह की मिली भगत से कई किसानों के क्रेडिट कार्ड पर उनकी बिना जानकारी में जालसाजी करके भारी रकम निकाल ली थी। मामले का भंडाफोड़ होने के बाद चारों के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा मुकदमें कायम कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
नरेंद्र पाल सिंह के पास आमदनी का कोई बड़ा जरिया नही था। जालसाजी की रकम से ही उसने कई वाहन खरीदे। एक दस टायरा ट्रक और महेंद्र ट्रैक्टर खुद खरीदा था। बुलेरो अपने रिश्तेदार बैजनाथ सिंह के नाम से, एक बुलेरो जगराम सिंह के नाम से और महू इंदौर स्थित रलवे कालौनी निवासी शंकर दयाल वर्मा के नाम से भी 10 टायरा ट्रक खरीदा था।
पुलिस ने उक्त सारे वाहनों की कड़ियां जोड़कर साबित कर दिया कि सभी वाहन नरेंद्र पाल सिंह के ही हैं। पुलिस की चालानी रिपोर्ट पर उक्त वाहनों को गिरोहबंद अपराध द्वारा अर्जित धन से क्रय किये जाने का आरोप स्वीकार करते हुए जिला मजिस्ट्रेट डा. अब्दुल मन्नान अख्तर ने चुर्खी पुलिस को उक्त सारे वाहन कुर्क कर लेना का निर्देश पारित कर दिया।

Leave a comment