उरई। जनपद के प्रभारी मंत्री जय कुमार जैकी ने शनिवार को विकास भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर दावा किया कि मौजूदा सरकार प्रदेश में भ्रष्टाचार और गुण्डाराज पर लगाम लगाने में सफल रही है। प्रदेश के बाशिंदे कई दशकों से बदहाली झेल रहे थे जिनमें आशा का संचार किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई के लिए यह सरकार संजीदा और प्रतिबद्ध है। उनकी आमदनी दोगुनी करने के लिए सुनिश्चित कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं।
प्रदेश में योगी सरकार का एक वर्ष का कार्यकला पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके मंत्री जिलों-जिलों में जाकर राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के लिए दौड़ा दिये गये हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री ने यहां पत्रकार वार्ता के माध्यम से लोगों को सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। जिसमें योजनावार लंबे-चैड़े आंकड़े भी प्रस्तुत किये गये।
जय कुमार जैकी ने विभिन्न विभागों द्वारा जनपद में किये गये कार्यों का विवरण भी पत्रकार वार्ता में प्रसारित किया। लोक निर्माण विभाग की ओर से बताया गया कि जिला योजना के तहत 6, राज्य योजना के तहत 10 और नाबार्ड योजना के तहत जनपद में 3 सड़कों का निर्माण चल रहा है। पैंच मरम्मत व सामान्य मरम्मत के साथ-साथ नवीनीकरण एवं विशेष मरम्मत के साथ नवीनीकरण का 1257.86 किलोमीटर कार्य कराया गया है। बुंदेलखंड विकास निधि में 24 कार्य निर्माणाधीन हैं जबकि त्वरित आर्थिक विकास योजना में 4 और केंद्रीय मार्ग निधि में 1 कार्य स्वीकृत है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने निर्माणाधीन सड़कों के नाम का उल्लेख करना अपनी प्रगति रिपोर्ट में गंवारा नही किया।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत 37766 अंत्योदय जारी कर 1 लाख 71 हजार 546 लोगों को लभान्वित किया जा रहा है। पात्र गृहस्थी के तहत 2 लाख 50 हजार 186 कार्ड जारी किये गये जिनमें 10 लाख 66 हजार 331 सदस्य शामिल किये गये हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत 66 हजार 692 परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन जारी किये जा चुके हैं।
इसके अलावा गौ वंश संरक्षण के प्रयासों की भी जानकारी दी गई। जिसके तहत बताया गया कि ग्राम मुहाना में 51 हैक्टेयर भूमि गौ वंश वन्य बिहार के लिए चिन्हित कर 1000 गायों के विचरण की व्यवस्था का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग को भेजा जा चुका। औंता, डकोर व ग्राम सला में 3 नई गौशालाओं के रजिस्ट्रेशन की भी कार्रवाई चल रही है। सांसद और विधायक निधि के माध्यम से बोहदपुरा, अजनारा व महेबा विकास खंड के सैदपुर में पशु आश्रय स्थल स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा 10 नगरीय क्षेत्रों में कान्हा उपवन और बेसहारा पशु आश्रय स्थल निर्माणाधीन हैं। जिसमें सरसौंखी में 3.75 हैक्टेयर भूमि कान्हा उपवन के निर्माण के लिए उरई नगर पालिका को सुपुर्द की गई है। 41 चारागाहों के स्थान चयनित कर खुदाई मनरेगा के तहत कराई जा रही है। जिनमें 18 चारागाहों में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा तार फैन्सिग चल रही है। उक्त चारागाहों में वर्षा ऋतु में दीनानाथ घास की बुबाई और नैपियर घास की जड़ों का रोपड़ किया जायेगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 2644 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष 2447 आवास पूर्ण हो गये हैं। अति पिछड़े, दूरस्थ व शहीद ग्रामों में से 54 ग्राम मुख्यमंत्री समग्र ग्राम योजना के तहत चयनित किये गये हैं। पारदर्शी किसान सेवा योजना के अंतर्गत 1 लाख 89 हजार 507 के लक्ष्य के सापेक्ष 1 लाख 86 हजार 518 किसानों का पंजीकरण किया गया है।
कई अन्य विभागों के कार्यों की भी इसी प्रकार जानकारी देकर मंत्री जी ने वाहवाही लूटने में कसर नही छोड़ी। लेकिन पत्रकारों ने जब उनसे हर विभाग की सक्सेस कहानियां उपलब्ध कराने का आग्रह विश्वसनीयता के लिए किया तो मंत्री जी ने जल्दी की बात कहकर पत्रकार वार्ता का समापन कर दिया। इस दौरान जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, सांसद भानु प्रताप वर्मा और तीनों विधायक उपस्थित थे।







Leave a comment