उरई| रामपुरा थाना क्षेत्र के निनावली रोड पर बीती शुक्रवार की रात को मोटर साइकिल से जा रहे दंपति को बाइक सवार सशस्त्र दो बदमाशों ने ओवरटेक करते हुये रास्ते में रोक लिया जब तक दंपति कुछ समझ पाते लुटेरों ने महिला के सीने पर तमंचा लगाकर मंगलसूत्र व नकदी, मोबाइल आदि लूटकर भाग जाने में सफल हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस भी रात में मौके पर पहुंच गयी थी। लेकिन लूट की घटना के बाद बीहड़ांचल में फिर से दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुरा निवासी मनोज पुत्र मोहनलाल अपनी पत्नी के साथ ग्राम भैलावली से अपने गांव मोटर साइकिल से आ रहे थे। अभी वह निनावली रोड पर ही थे तभी उनका पीछा करते हुये बाइक सवार दो लुटेरों ने उन्हें ओवरटेक किया और चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुये महिला के सीने पर तमंचा लगाकर उसके गले से मंगलसूत्र, नकदी व मोबाइल आदि लूटकर रफूचक्कर हो गये। ताज्जुब की बात तो यह है कि लुटेरों ने जिस अंदाज में लूट की घटना को अंजाम दिया है उससे रामपुरा थाना पुलिस की चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। उक्त घटना से जहां बीहड़ांचल क्षेत्र में दहशत का माहौल देखा जा रहा है तो वहीं पुलिस का सारा ध्यान शाम ढलते ही मौरम भरे वाहनों की सुरक्षित निकासी में रहता है। इसी का लाभ उठाते हुये क्षेत्र में सक्रिय बदमाश भी अपने साथियों के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम देने में जुट गये है। समाचार लिखे जाने तक रामपुरा थाना पुलिस के हाथ लुटेरों की गर्दन तक नहीं पहुंच पाये थे।






Leave a comment