उरई। जिले भर में चोरों की बेलगाम धमाचौकड़ी से पुलिस के हौसले पस्त हैं। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भी जिले में यह सिलसिला जारी रहा।
कदौरा थाना क्षेत्र के गर्रेही में चोरों ने दो घरों में हाथ साफ किये लेकिन एक घर में परिवार वालों को समय रहते उनकी आहट मिल गयी जिससे चोरों को भाग जाना पड़ा। चोर हरपाल के यहां पीछे की दीवाल फांदकर घुस आये और इसके बाद भीतर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर उन्होंने बक्से से सोने की तीन अगूठियां, दो मंगलसूत्र, अन्य जेवरात और 9200 रुपये की नगदी पार कर दी। इसके बाद उन्होंने मंगल सिंह के घर को अपना निशाना बनाया। जहां से वे सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठियां, चांदी की पायलें, हाफ पेटी, चार जोड़ी तोड़ियां और बिछुआ उठा ले गये। वारदात के समय मंगल सिंह खेतों में थ्रेसिंग करा रहे थे। घर में अकेली उनकी मां थीं। बाद में चोरों ने ग्याप्रसाद के घर में भी सेंध लगाने का प्रयास किया। मगर घरवाले समय से जाग गये और उनके शोर मचाने से चोरों को भाग जाना पड़ा। सूचना पाकर पुलिस ने गांव में मौका मुआयना किया है और चोरियों के पर्दाफाश का भरोसा दिलाया है।
उधर माधौगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम डिकौली में कृष्ण सिंह के घर में चोरों ने घात लगा दी। उनका परिवार गहरी नींद में सो रहा था। जिसका फायदा उठाकर चोर घर में घुस गये और कमरों के ताले तोड़कर सोने, चांदी के जेवरात व 10 हजार रुपये की नगदी उठा ले गये। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरी के जल्दी खुलासे का भरोसा दिलाया है।




Leave a comment