उरई। विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम द्वारा छात्राओं की तलाशी ली जाने से माहौल गर्म हो गया जबकि टीम में कोई महिला सदस्य नही थी। गुस्साये लोगों ने उड़नदस्ता टीम को दौड़ा लिया। कार से भागते समय उड़नदस्ता टीम ने चार छात्राओं को घायल भी कर दिया। इस मामले में छात्राओं और उनके अभिभावकों ने कुठौंद थाने में उड़नदस्ता टीम के खिलाफ प्रार्थनापत्र दे दिया है। उड़नदस्ता टीम की ओर से तहरीर दिये जाने की कोई जानकारी नही मिली है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के हुसेपुरा जागीर स्थित श्रवण कुमार द्विवेदी महेश कुमार पांडेय महाविद्यालय में सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम पहुंची। टीम ने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया लेकिन कहीं कोई अप्रिय स्थिति नही मिली। इसके बाद टीम कमरा नं. 8 में पहुंची जहां छात्राएं परीक्षा दे रहीं थीं। टीम के सदस्यों ने लड़कियों की सर्च लेनी शुरू कर दी। जिससे बवाल हो गया। पुरुष शिक्षकों द्वारा लड़कियों की सर्च की खबर बाहर फैलने पर लोग भड़क गये और महाविद्यालय के बाहर हंगामा होने लगा।
इसी बीच उड़नदस्ते ने 17 छात्राओं की कापियां छीन ली। नियमानुसार इसकी जानकारी उन्हें केंद्र व्यवस्थापक को देनी चाहिए थी। लेकिन वे इसके बिना ही जब जाने लगे तो छात्राएं उनके पीछे दौड़ीं, उधर बाहर गुस्साए लोग खड़े थे। हड़बड़ी में उड़नदस्ता टीम कार में बैठकर चल दी जिससे अनधिकृत रूप से अपनी कापी ले जाने का प्रतिवाद कर रहीं चार छात्राएं लक्ष्मी शेखपुर अहीर, आशी बहादुरपुर, प्रीति गुपलापुर और प्रियंका जालौन खुर्द कुचलकर घायल हो गईं।
बाद में जिन छात्राओं की कापियां छीनी गई थीं वे अपने अभिभावकों के साथ कुठौंद थाने पहुंच गईं। उन्होंने उड़नदस्ता टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।

Leave a comment