उरई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी का पहली बार नगर पहुंचने पर मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। आटा टोल बैरियर पर दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ उनकी अगवानी की गई।
बाद में उनका राजपाल रिसोर्ट में स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने जिला पंचायत सभागार में बुंदेलखंड के सभी जिलों के भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
सुभाष यदुवंशी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गोरखपुर और फूलपुर लोक सभा उपचुनावों के परिणामों को प्रदेश सरकार के बारे में जनमत संग्रह नही कहा जा सकता। उन्होंने देश भर में भाजपा की लहर चलने का दावा किया। सुभाष यदुवंशी ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी कोई दल न होकर एक परिवार की जायदाद है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व में उनके घरवालों और रिश्तेदारों को सत्तावन लाल बत्तियां बांटी गईं थी। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है।




Leave a comment