उरई। गुलाबी गैंग की मुखिया अंजू शर्मा ने घरेलू हिंसा से पीड़ित कोंच के गांधीनगर मोहल्ला निवासी छाया देवी के साथ पुलिस अधीक्षक से भेंट कर उसके ससुरालीजनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक उसका विवाह 6 वर्ष पहले चुर्खी थाने के नूरपुर गांव निवासी सर्वेश कुमार के साथ हुआ था। पिछले तीन वर्षों से उसके पति और अन्य ससुरालीजन उसे उत्पीड़ित कर रहे हैं। उसके पास चार वर्ष का बच्चा भी है जिसका भविष्य इस आपाधापी में बर्बाद हो रहा है। उसके मायके वालों ने कई बार ससुरालियों से रहम की गुहार लगाई। लेकिन वे मानने को तैयार नही हैं।
ससुराल के लोग एक लाख रुपये का अतिरिक्त दहेज मांग रहे हैं। उन्होंने उसे दोषी ठहराने के लिए उस पर दो लाख रुपये चोरी का झूठा इल्जाम लगा दिया। छाया ने पुलिस अधीक्षक से इंसाफ की गुहार लगाई।

Leave a comment