उरई। पुलिस विभाग की आम छवि जैसी है उसे देखते हुए अगर कोई पुलिस अधिकारी दया और परोपकार के कार्य की पहल करे तो किसी अजूबे से कम नही लगता लेकिन सही बात यह है कि तमाम विवादो के बावजूद खाकी में ऐसे लोगों की कमी नही है जो हमदर्दी और सेवा की भावना से ओत-प्रोत हैं।
इसकी एक मिसाल माधौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने पेश की है। जिन्होंने भूख से तड़पती बेजुबान गायों की दशा से द्रवित होकर कोतवाली में गौशाला खुलवाने की पहल की है। इसमें अभी उन्होंने 40 गायों के आश्रय की व्यवस्था की है।
गायों के लिए ही नही उन्होंने कोतवाली परिसर के उक्त हिस्से में बंदरों और पंछियों के लिए भी दानापानी की व्यवस्था की है। कोतवाल के इस प्रयास से जहां लोगों को पुलिस का नया चेहरा देखने को मिल रहा है वहीं तमाम साधन सम्पन्न लोग भी अब गऊ माता और अन्य जीवों के संरक्षण में हाथ बंटाने के लिए तत्पर होने लगे हैं।

Leave a comment