सिरसाकलार-उरई। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने गुरुवार को सिरसाकलार थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने असलहे, मालखाने व अभिलेखों के रखरखाव की व्यवस्था को परखा। साथ ही बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रभारी निरीक्षक और उनकी टीम को उम्दा टिप्स भी दिये।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने थाने के वार्षिक निरीक्षण के क्रम में रजिस्टर नंबर-8 सहित पुलिस के सभी निर्धारित प्रारूप चैक किये। उन्होंने कहा कि रिकार्ड कीपिंग के मामले में जागरूक रहने से पुलिस को अपने काम में हमेशा कामयाबी मिलती है। इसलिए रजिस्टर अपडेट करने के महत्व में कोई कोताही नही बरती जानी चाहिए।
उन्होंने मालखाना, मैस, बैरकों की व्यवस्था आदि को देखा। सिपाहियों से रायफलें भी चलवाकर देखीं। इंस्पैक्टर जाकिर हुसैन ने उन्हें रायफल की सफाई दिखाई। एसआई वीरेंद्र सिंह पिस्टल देर से खोल पाये जिस पर उन्होंने हिदायत दी। शौचालय के निरीक्षण के बाद उन्होंने इनकी सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सिपाहियों की बीट बुक की सराहना की। एसआई अरुण कुमार से क्षेत्र में गश्त की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से कहा कि थाने में आगंतुकों की दुख तकलीफ को हमदर्दी से सुने और उनके निदान के लिए यथा संभव तत्परता बरतें। जिससे लोगों में पुलिस के प्रति अच्छी धारणा बने। जालौन के पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार शर्मा भी उनके साथ रहे।

Leave a comment