उरई। बुधवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के लोहिया सभागार में पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मिर्जा साबिर बेग से जिले के हालातों के बारे में अंतरंग बातचीत की। खास बात यह भी रही कि उन्होंने इस दौरान प्रबुद्ध सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुदामा दीक्षित से भी आत्मीय चर्चा की। सुदामा दीक्षित के कार्यक्रम में पहुंचने से उनके भाजपा में जाने की अटकलों पर विराम लगने का अनुमान है।
कल लखनऊ में प्रबुद्ध सभा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से मिलकर लौटे मिर्जा साबिर बेग बेहद उत्साहित हैं। इस कार्यक्रम में जिले की राजनीति को लेकर अखिलेश यादव ने अलग हटकर इशारे दिये। उन्होंने न सिर्फ मिर्जा साबिर बेग की खैरियत पूंछी बल्कि उन्हें अख्तरी बेगम सम्मान मिलने की बधाई भी दी। इसके बाद उन्होंने जिले में पार्टी के हालचाल भी उनसे पूंछे।
पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित से भी उन्होंने संक्षिप्त मुलाकात की। जबकि सुदामा दीक्षित पार्टी से निष्कासित हैं। लेकिन उन्होंने अभी तक कोई दूसरी पार्टी ज्वाइन नही की है। चूंकि वे प्रबुद्ध सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं इसलिए उन्हें ऐसा मौका मिल गया जिससे अखिलेश से उनका आमना-सामना हो गया। अखिलेश ने निष्कासन के आधार पर उनसे कोई दुराव करने की बजाय बहुत भरोसे के साथ उनसे बात की। जिससे सुदामा गदगद हो गये। मिर्जा साबिर बेग और सुदामा दीक्षित के पूर्व मुख्यमंत्री से प्रेमालाप के बाद जिले में राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

Leave a comment