
कोंच-उरई । कोंच के कई इलाकों में मिट्टी का अबैध खनन जोरों पर चल रहा है लेकिन प्रशासन मौन है। सैकड़ों ट्रैक्टर रोजाना मिट्टी उठाई जा रही है और रात के अंधेरे में इसे ठिकाने लगा दिया जाता है। इस संबंध में अधिकारियों से जब पूछा गया तो उनका जबाब होता है कि उनके संज्ञान में नहीं है।
प्रशासन और पुलिस की मिली भगत से कोंच इलाके में मिट्टी का खनन बड़े पैमाने पर जारी है। सरकारी रोक के बाबजूद खनन का जारी रहना सिस्टम पर बड़ा सवालिया निशान लगाने के लिये काफी है। ज्ञातव्य है कि कोंच तहसील मुख्यालय के आसपास कई इलाके ऐसे कुख्यात हैं जहां रात होते ही जेसीबी बजने लगती है और रोज ही सैकड़ों ट्रैक्टर मिट्टी वहां से उठा कर खुर्द बुर्द कर दी जाती है। अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया जाता है लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात से ज्यादा नहीं निकल पाता है। ये खनन माफिया सत्ताधीशों की आड़ लेकर चांदी काटने और धरती को खोखला करने में जुटे हैं। माफिया की दबंगई इसी बात से जानी जा सकती है कि वह खनन के एबज में अधिकारियों को उपकृत करने की बात पूरी दबंगई से करता है। उसकी बात में इसलिये भी दम दिखाई देता है कि जिन इलाकों में मिट्टी का यह अबैध खनन हो रहा है उन इलाकों के बारे में अधिकारियों को भी पूरी जानकारी है लेकिन कार्यवाही के नाम पर कुछ नहीं किया जाना सिस्टम पर सवालिया निशान तो खड़े करेगा ही।





Leave a comment