उरई। ईंटों से भरे ट्रैक्टर ने अपने घर के बाहर काम कर रही महिला को कुचल दिया। जिसे अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है।
माधौगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम भगा गोहनी में गुरुवार को पूर्वान्ह लगभग 11 बजे रामलखन की पत्नी रमकुरा (55वर्ष) अपने घर के बाहर काम कर रही थी। इसी दौरान ईंटों से भरा ट्रैक्टर वहां से गुजरा। ओवर लोड होने के कारण चालक ने ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रैक्टर रमकुरा को रौंदते हुए निकल गया।
यह देखते ही मोहल्ले के लोग उत्तेजित होकर दौड़ पड़े और उन्होंने कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को रोक लिया और नीचे उतारकर चालक की पिटाई कर डाली। इसी बीच रमकुरा को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है जबकि ड्राइवर का चालान कर दिया गया है। रमकुरा के शव को सील बंद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

Leave a comment