कोंच-उरई । गुरुवार की शाम एक पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुये उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया लेकिन किसी तरह वह बच गई। लगभग एक माह पहले भी पति ने उसे फांसी पर लटका कर मारने का प्रयास किया था। पत्नी उस घटना से इतना भयभीत थी कि पुलिस में शिकायत करने के लिये भी नहीं निकल सकी थी लेकिन कल हुये हमले के बाद उसने कोतवाली में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टोपोर के रहने बाले रामबाबू वर्मा की बेटी कांतिदेवी झांसी जनपद के ग्राम साकिन थाना समथर में कैलाश को व्याही है लेकिन पति के उत्पीडऩ से आजिज कांति ससुराल छोड़ कर पिछले छह महीने से अपने मायके में पिता के पास रह रही है। कांति ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया है कि गुजरे कल गुरुवार को वह अपने पिता के घर में थी तभी उसका पति कैलाश आया और उसके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया जिसमें किसी तरह से उसने अपनी जान बचाई और घर के अंदर छिप गई। कैलाश ने उसके पिता और भाई को भी धमकी दी कि उसकी लड़की को वह जिंदा नहीं रहने देगा। कांति के मुताबिक विगत 26 फरवरी को भी उसने टोपोर आकर उसके साथ मारपीट की थी और घसीटता हुआ खेतों की ओर ले गया था जहां उसने पेड़ पर फांसी से लटका कर जान से मारना चाहा था लेकिन खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचा लिया था। कांति की तहरीर पर पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने की बात कही है।

Leave a comment