उरई। जालौन टाइम्स की 12 साल से फरार 20 हजार रुपये के इनामी की गोहन पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की खबर पर मुहर लग गई। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी का पूरा ब्यौरा पत्रकारों को दिया।
गोहन थाने के ईंटों ग्राम में 17 अप्रैल 2006 को राधेश्याम भदोले व उसकी पुत्री संजो उर्फ संजना की गांव के ही रामशंकर राठौर ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए हर हथकंडे इस्तेमाल किये। घर की कुर्की भी कर ली लेकिन 12 सालों से वह पुलिस के हत्थे नही चढ़ पा रहा था।
गुरुवार को गोहन के थानाध्यक्ष सतीश चंद्र ने सिपाही हरीओम सिंह के साथ सटीक मुखबरी पर रामशंकर को झांसी में दबोच लिया। हालांकि औपचारिक रूप से उसकी गिरफ्तारी सरावन चैराहे से हदरुख जाने वाले रोड पर 29 मार्च को 11 बजकर 40 मिनट पर दर्शाई गई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में सतीश कुमार और हरीओम सिंह के अलावा उप निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, आरक्षी अजीत चाहर व रवि सिंह के नाम भी जोड़े गये हैं। गिरफ्तारी की समय रामशंकर के पास से 315 बोर का तमंचा दो कारतूसों के साथ बरामद दिखाया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले डीआईजी झांसी ने 7 जुलाई 2009 को रामशंकर की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में एसपी ने पिछली 17 मार्च को इनाम की धनराशि बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी थी। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम धरगुवां थाना कोतवाली उरई का निवासी है।





Leave a comment