उरई। आटा थाने के संदी में शुक्रवार की रात मां के साथ सो रही किशोरी को गांव के दो लोग तमंचे की नोक पर जबर्दस्ती अपहृत करके ले गये। उन्होंने मां-बेटी के जेवर भी लूट लिये। हालांकि पुलिस सनसनीखेज घटना से इंकार करते हुए इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है।
संदी निवासी अनीसा के पति की 10-12 साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी तीन बेटियों में दो विवाहित हैं। इकलौता लड़का काले खां बाहर कुल्फी बेचता है।
अनीसा ने बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने घर लेटी थी। उसके साथ ही उसकी बेटी 15 वर्षीया चांदनी भी लेटी थी। इसी दौरान धर्मेंद्र और राहुल उसके घर में घुस आये और तमंचे की नोक पर उसे व उसकी बेटी को डराते हुए जबरन चांदनी को अपने साथ ले गये। वारदात के दौरान उन्होंने उसके और चांदनी के जेवर भी लूट लिए।
थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। खबर पाकर काले खां भी आ गया था। उससे भी पूंछतांछ की गई। लेकिन गांव वालों के बयान व अन्य परिस्थितजन्य साक्ष्यों को देखते हुए सरसरी तौर पर यह प्रेम-प्रसंग का मामला लगता है। फिर भी पूरी सूक्ष्मता से सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।







Leave a comment