उरई। नवरात्रि के बाद जिले में कोतवाली व थानों में एक मुश्त बड़े फेरबदल का अंदाजा लगाया जा रहा था। लेकिन पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने इसे झुठलाते हुए प्रशासनिक अपरिहार्यताओं के मददेनजर चार कोतवाल मात्र बदले हैं।
इनमें जालौन के कोतवाल विनोद मिश्रा भी शामिल हैं। जिनका स्थानांतरण भूपेंद्र लौना पिटाई प्रकरण में प्रशासनिक आधार पर कोंच के लिए किया गया है। जालौन के प्रमुख भाजपा नेता भूपेंद्र लौना की पिटाई मामले में कई सप्ताह पहले से पुलिस अधीक्षक पर विनोद मिश्रा के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए दबाव था। लेकिन अपना दल से जुड़े प्रभारी मंत्री जयकुमार जैकी उनका बचाव कर रहे थे। अंततोगत्वा पुलिस अधीक्षक ने मामला ठंडा होने का इंतजार किया तांकि विनोद मिश्रा के स्थानांतरण को भाजपा नेता की पिटाई से न जोड़ा जाये और अब उनका तबादला भी कर दिया।
उधर कालपी के कोतवाल संजय गुप्ता का तबादला भी प्रशासनिक आधार पर किया गया है। उनके मातहत दरोगा द्वारा एक व्यक्ति की अमानुषिक पिटाई के मामले की गूंज सारे प्रदेश मे हुई थी जिसमें दरोगा को निलंबित कर दिया था लेकिन अब संजय गुप्ता को भी कालपी से हटाकर जालौन में प्रभारी निरीक्षक बना दिया गया है।
इसके चलते कालपी में डकोर के कोतवाल सुधाकर मिश्रा प्रभारी निरीक्षक बनाये गये। जबकि कोंच के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को उनके स्थान पर डकोर का कोतवाल बना दिया गया है।







Leave a comment