
* आधा दर्जन शिकायतें आईं विधायक की जन सुनवाई में
कोंच-उरई । हर रविवार को विधायक द्वारा जनता की समस्यायें जानने के लिये लगाये जाने बाले जन सुनवाई कैम्प में आज आधा दर्जन शिकायतें आईं। अभी प्रचार प्रसार ज्यादा नहीं हो पाने के कारण ज्यादातर शिकायतें भाजपाई या उनसे जुड़े लोगों ने ही की हैं। बांट माप विभाग के खिलाफ कतिपय व्यापारियों द्वारा की गई शिकायत पर विधायक ने विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि सपा की तर्ज पर काम करना छोड़ दें और ईमानदारी से काम करें ताकि व्यापारियों को परेशानी न हो।
रविवार को गहोई धर्मशाला में विधायक ने साप्ताहिक जन सुनवाई शिविर लगाया जिसमें उन्होंने आम जनता की समस्यायें सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिया। शिविर में कमोवेश आधा दर्जन शिकायतें आईं जिनमें किसी ने खराब हैंडपंप सुधरवाने की मांग की तो किसी ने नया हैंडपंप स्थापित कराने की। रिंकू अग्रवाल नामक व्यापारी ने शिकायत की कि बांट माप विभाग के ठेकेदार द्वारा कांटा बांट पर मोहर लगाने के आठ सौ रुपये बसूले जा रहे हैं जबकि रसीद दो सौ की दी जा रही है। इस पर विधायक ने विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर उन्हें हिदायत दी कि व्यापारियों को कतई परेशान न करें और जो फीस निर्धारित है उतनी ही बसूली जाये। उन्होंने कहा कि सपा पैटर्न पर काम नहीं होने दिया जायेगा। गोखलेनगर निवासी महादेव प्रजापति ने शिकायत की कि वह पुणे में गार्ड की नौकरी करता है और उसका बिजली संयोजन नहीं होने के बाबजूद 45 हजार की आरसी जारी कर दी गई है। प्रधान हिंगुटा अवधविहारी गुप्ता ने समस्या बताई कि सिकरी रजवहा के किनारे जुझारपुरा से हिंगुटा तीन किमी मार्ग का निर्माण तो कराया गया है लेकिन एक किमी टुकड़ा छूट जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। विधायक ने इस मौके पर कहा कि आने बाली समस्याओं का अधिकतम पंद्रह दिनों में निस्तारण कराया जायेगा जबकि कुछ तो फोन पर ही निपटा दी जाती हैं। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनील शर्मा, सुनील लोहिया, सभासद रविकांत कुशवाहा, बादामसिंह कुशवाहा, नरेश वर्मा, अनिल अग्रवाल, धर्मेन्द्र राठौर, श्यामविहारी तीते, संजीव गर्ग, अमित सोनी, लालजी महाते, महेन्द्र पटेल, आनंद सकेरे, निखिल सोनी, बेटू गर्ग, नरेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।







Leave a comment