
कोंच-उरई । विगत दिनों ग्राम चंदुर्रा में एक परचून की दुकान में हुये पेट्रोल विस्फोट कांड के एक और जख्मी की इलाज के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। इस कांड में मरने बालों की संख्या दो हो गई है। मरने बाले दोनों व्यक्ति आपस में पिता-पुत्र थे। इस मौत के बाद गांव की स्थिति संवेदनशील हो गई है और पुलिस चौकसी बढा दी गई है। पीएसी भी गांव में
तैनात है।
गौरतलब है कि विगत 25 मार्च की रात तकरीबन आठ बजे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा स्थित गिरेन्द्रसिंह उर्फ गिरवर निरंजन की परचून की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग और पेट्रोल का संसर्ग पाकर हुये भीषण विस्फोट में सात लोग बुरी तरह झुलसे थे। घटना के दूसरे ही दिन 26 मार्च को दुकान मालिक गिरेन्द्र की इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई थी जबकि उनका बेटा सुशील गंभीर हालत के चलते पहले झांसी से ग्वालियर रेफर हुआ था लेकिन वहां भी हालत कंट्रोल नहीं हो पाने के कारण दिल्ली रेफर किया गया था। रविवार को सुशील (36) की भी मौत की खबर आ गई। इस दूसरी मौत से जहां गांव में मातम पसर गया है वहीं वहां के हालात भी संवेदनशील हो गये हैं। दूसरी मौत के बाद अलर्ट पुलिस ने वहां चौकसी बढा दी है। हालांकि पीएसी पहले से ही वहां कैम्प कर रही है लेकिन लगातार हो रहीं मौतों के कारण उनके परिजनों में आक्रोश है। कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा का कहना है कि स्थिति पर निगाह रखी जा रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। बता दें कि इस मामले के सात नामजद आरोपियों में दो को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।








Leave a comment