उरई। तीन साल से एक ट्रक में लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को स्वाट, सर्विलांस टीम और आटा पुलिस के संयुक्त आपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
विवरण के अनुसार सहारनपुर जिले के फत्तेपुर थाना अंतर्गत बरदाहेड़ी गांव के निवासी ट्रक चालक फरकान ने 8 और 9 फरवरी 2014 की दरिमियानी रात उसे व उसके सहयोगी क्लीनर को बंधक बनाकर ट्रक में भरे डेढ़ सौ नग टायर सात बदमाशों द्वारा लूट ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष बृजनेश कुमार यादव ने गहन छानबीन के बाद बदमाशों की पहचान पता कर ली और साबिर, कफील उर्फ कल्लू, मुकीम, आरिफ उर्फ सईद अहमद उर्फ लंबू, ताहिर और नुरूल हसन इन छह बदमाशों को तो दबोच लिया लेकिन मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बाबू बद्री पुलिस के हत्थे नही चढ़ पाया।
इसी बीच तौसीफ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। बृजनेश कुमार यादव वर्तमान में स्वाट टीम के प्रभारी हैं। उन्होंने अपने समय के पैंडिंग इस मामले की छानबीन के लिए काफी मेहनत की जिससे आखिरकार तौसीफ पुलिस के जाल में फंस ही गया। तौसीफ संगठित अतंर्राज्जीय गिरोह का सरगना है जो उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड, राजस्थान, पंजाब आदि राज्यों में भी वारदातें कर चुका है। उसके खिलाफ सात संगीन अभियोग पहले से कायम हैं। इसलिए उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने इस पर स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और आटा पुलिस की पीठ थपथपाई।







Leave a comment